Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में छाई धुंध — नवंबर की शुरुआत में नहीं बढ़ेगी ठंड, जानें मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर महीने की शुरुआत में दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिलेगी। हालांकि फिलहाल ठंड बढ़ने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी आई है। फिलहाल दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 से 26°C और न्यूनतम तापमान 16 से 18°C के बीच बना हुआ है। विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4 से 5°C कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि बीते दिन आसमान अधिकतर बादलों से घिरा रहा और हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से चल रही थीं, जिनकी रफ्तार धीरे-धीरे बढ़कर 8 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। आज दोपहर में हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिम की ओर हो गया, जिनकी गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। हालांकि अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन अभी ठंड बढ़ने की संभावना बहुत कम है।
30 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हल्की धुंध और बादलों का असर देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 से 31°C और न्यूनतम तापमान 17 से 19°C के बीच रहने की उम्मीद है। सुबह हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेंगी, जबकि दोपहर में उनका रुख उत्तर-पूर्व की ओर होगा। शाम होते-होते हवाएं फिर दक्षिण-पूर्व दिशा से बहेंगी, जिनकी गति घटकर 8 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है।
31 अक्टूबर को भी मौसम लगभग इसी तरह का बना रहेगा। सुबह के समय आंशिक रूप से बादल और हल्की धुंध की स्थिति रहेगी। अधिकतम तापमान 30 से 32°C और न्यूनतम तापमान 18 से 20°C के बीच रह सकता है। इस दिन हवाएं दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलेंगी और उनकी गति दिन में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात में हवा की गति थोड़ी कम होगी।
नवंबर के पहले हफ्ते के लिए IMD ने अनुमान लगाया है कि तापमान 31°C से 17°C के बीच रहेगा। इस दौरान हल्की धुंध और हवा में नमी बनी रह सकती है। हालांकि अभी ठंड में तेज़ बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि असली सर्दी नवंबर के मध्य या आखिरी सप्ताह में दस्तक दे सकती है।



