Delhi Crime: रानी बाग में दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या, पुलिस एनकाउंटर में दो आरोपी गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली में अपराध की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां रानी बाग इलाके में दिनदहाड़े एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना आज सुबह की है, जब एक व्यक्ति को गंभीर हालत में BSA अस्पताल लाया गया। पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि राजू नाम के युवक को चाकू मारकर घायल किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसे उसके दो दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पूछताछ में सामने आया कि पीतमपुरा स्थित आशियाना अपार्टमेंट बस स्टैंड के पास उस पर चाकू से हमला किया गया था।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल राजू ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह मीणा के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन के रूप में हुई, जो दोनों पीतमपुरा इलाके के रहने वाले हैं।
मुरारी लाल की देखरेख में और प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी रानी बाग के एक स्कूल के पास खाली मैदान में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपियों को घेरा, दोनों बदमाशों ने खुद को बचाने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपियों लाल बाबू (20) और कुंदन (20) को तुरंत भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में बढ़ते अपराध और दिनदहाड़े होने वाली वारदातों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।



