Delhi Air Quality: दिल्ली की हवा लगातार 11वें दिन खराब, AQI 220 दर्ज; 28 नवंबर को और बिगड़ने की आशंका
दिल्ली की हवा बुधवार को भी खराब श्रेणी में रही। यह लगातार 11वां दिन है, जब शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से ऊपर दर्ज हुआ। बुधवार को 24 घंटे का औसत AQI 220 रहा।
शहर के 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 30 खराब, चार बहुत खराब और 24 मध्यम श्रेणी में रहे। सबसे ज्यादा प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज हुआ, जहां AQI 357 तक पहुंच गया।
15 नवंबर से दिल्ली की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। उस दिन AQI 290 था, जिसके बाद यह 275, 204, 232, 280, 270, 265, 239, 260, 227 और अब 220 पर रहा।
रियल-टाइम सोर्स एपोर्शनमेंट के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को PM2.5 में सबसे बड़ा योगदान वाहनों के धुएं का रहा, जिसकी हिस्सेदारी 22.1 प्रतिशत थी। बायोमास जलाने से 21.3 प्रतिशत, सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल से 20.1 प्रतिशत और सेकेंडरी इनऑर्गेनिक प्रदूषकों से 15.8 प्रतिशत प्रदूषण आया। कचरा जलाने का हिस्सा 7.2, पटाखों का 4.7 और औद्योगिक उत्सर्जन का 2.9 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग के एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार 25 से 27 नवंबर तक हवा खराब श्रेणी में रह सकती है और 28 नवंबर को यह बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने और कमजोर वेंटिलेशन इंडेक्स की वजह से प्रदूषक जमीन के पास ही जमा रहेंगे।
बुधवार को दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा।



