Voter List Correction: SSR में सुधरेंगी वोटर लिस्ट की गलतियां, BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन; चुनाव आयोग का निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) के दौरान मतदाता सूची की गलतियां सुधारने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। नाम, संबंधियों के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो जैसे विवरणों में गड़बड़ी मिलने पर उनका सत्यापन कर सुधार किया जाएगा।
आयोग ने बुधवार को पत्र संख्या 23/2026-ERS के जरिए संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को ये निर्देश भेजे। यह पुनरीक्षण 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर कराया जा रहा है।
निर्देशों के अनुसार, मौजूदा मतदाता सूची के विवरणों का मिलान SIR के दौरान जुटाई गई जानकारी से किया जाएगा। दोनों में अंतर मिलने पर उस मतदाता की प्रविष्टि को सत्यापन और सुधार के लिए चिह्नित किया जाएगा।
चिह्नित प्रविष्टियों के लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं के घर जाकर विवरण की जांच करेंगे। जरूरत होने पर मतदाता से भरा और हस्ताक्षरित फॉर्म-8 लिया जाएगा, जिस पर AERO और ERO तय प्रक्रिया के तहत फैसला करेंगे।
आयोग ने साफ किया है कि जनसांख्यिकीय विवरणों में बदलाव सिर्फ फॉर्म-8 के जरिए ही होगा। केवल ऑटोमेटेड पहचान के आधार पर मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। पहचान, सत्यापन और सुधार की पूरी प्रक्रिया ECINet के BLO, AERO और ERO मॉड्यूल पर चलेगी।
यह पत्र अंडमान एवं निकोबार, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत संबंधित राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को भेजा गया है।



