Foreign Terrorists In JK: जम्मू-कश्मीर में जैश-लश्कर के करीब 65 विदेशी आतंकी सक्रिय, जम्मू संभाग में 4 स्थानीय आतंकियों की तलाश तेज
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान में अब सुरक्षा बलों का पूरा ध्यान पाकिस्तान से आए विदेशी आतंकियों पर है। खुफिया एजेंसियों के ताजा आकलन के मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश में करीब 65 विदेशी आतंकी सक्रिय हो सकते हैं।
इनमें करीब 35 लश्कर-ए-तैयबा और 20 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी 10 दूसरे संगठनों के हैं। कश्मीर घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जम्मू संभाग में अभी करीब चार स्थानीय आतंकी सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर हैं।
इनमें सबसे प्रमुख नाम निक्कू का है, जो जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा बताया जाता है। वह कठुआ जिले के बिलावर-मल्हार इलाके का रहने वाला है और कठुआ व उधमपुर के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय है। जंगलों और पहाड़ी रास्तों की अच्छी जानकारी होने और बार-बार ठिकाना बदलने की वजह से उसे पकड़ना चुनौती बना हुआ है।
बाकी तीन स्थानीय आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं और किश्तवाड़ के दुर्गम इलाकों में सक्रिय हैं। इनमें मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदासिर हुसैन शामिल हैं। किश्तवाड़ के डच्छन इलाके में दो SPO की हत्या के बाद पुलिस ने इनके पोस्टर जारी कर कुल 30 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया था।
पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़, डोडा, कठुआ और उधमपुर के दुर्गम इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चल रहे हैं। सुरक्षा बलों ने दूरदराज और ऊंचाई वाले इलाकों में 80 से ज्यादा अस्थायी ऑपरेशन बेस बनाए हैं, जिनमें कई 10 हजार फीट से ज्यादा ऊंचाई पर हैं। यहां सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तैनात हैं।
सर्दियां शुरू होने के साथ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण आतंकियों के निचले पहाड़ी क्षेत्रों की ओर आने की आशंका है। इसी को देखते हुए कठुआ, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़ और रियासी के संवेदनशील इलाकों में तलाशी तेज कर दी गई है।



