Delhi Women Safety Study: दिल्ली में 10 में से 9 महिलाएं मेट्रो और बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित, CEQUIN की स्टडी में खुलासा
दिल्ली में बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में भी डर महसूस करती हैं। जेंडर समानता पर काम करने वाली संस्था सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन (CEQUIN) के अध्ययन में 87.5 प्रतिशत लोगों ने यह बात कही।
अध्ययन में 1,588 महिलाओं, लड़कियों और LGBTQ+ समुदाय के लोगों की राय ली गई। इसमें 88.9 प्रतिशत लोगों ने कहा कि रात में अपने पास के सार्वजनिक पार्क में वे असुरक्षित महसूस करते हैं।
तीन-चौथाई से ज्यादा लोगों ने बताया कि उनके इलाके के फुटपाथ पर पर्याप्त रोशनी नहीं है। 60 प्रतिशत ने कहा कि फुटपाथ टूटे हुए हैं या कई जगह हैं ही नहीं। करीब 80 प्रतिशत लोगों के मुताबिक घूरना, अश्लील टिप्पणी और पीछा करने जैसा पुरुषों का व्यवहार उनकी रोज की आवाजाही को असुरक्षित बनाता है।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि 80.5 प्रतिशत लोगों को यह नहीं पता था कि सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के लिए कौन-सा नागरिक निकाय जिम्मेदार है। CEQUIN की सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक लोरा के प्रभु ने कहा कि जब इतने लोग यह नहीं जानते, तो शहर की व्यवस्था ही लोगों को बाहर रखने लगती है।
संस्था ने इस अध्ययन के आधार पर अपनी सिफारिशें सुप्रीम कोर्ट को सौंपी हैं। सितंबर में दिल्ली-एनसीआर में यौन अपराध के कई मामले सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को स्वतः संज्ञान लेकर अधिकारियों को संवेदनशील सार्वजनिक जगहों की पहचान कर सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश दिया था। इसी के बाद यह अध्ययन किया गया।
रिपोर्ट में NCRB के आंकड़ों का भी जिक्र है, जिनके मुताबिक 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ 13,396 अपराध दर्ज हुए, जो देश के 19 बड़े महानगरों में सबसे ज्यादा थे। रिपोर्ट के अनुसार, 2023-24 में दिल्ली में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर 14.5 प्रतिशत रही, जबकि पुरुषों की 54 प्रतिशत।



