Delhi Crime: शाहदरा में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद, 12 पुराने केस भी सामने आए
दिल्ली के शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर दो स्कूटी और तीन मोटरसाइकिल समेत कुल पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शाहदरा स्पेशल स्टाफ की टीम लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पंचमिस्तान स्वीट्स के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर दस्तावेज मांगे गए। आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जांच में स्कूटी चोरी की निकली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव गुप्ता उर्फ कालिया (26) निवासी विश्वास नगर, शाहदरा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चोरी की स्कूटी के अलावा अन्य चोरी के वाहन छिपाकर रखने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जनरल अस्पताल के पास से एक और चोरी की स्कूटी तथा तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जांच में सभी वाहन दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता है और नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए वह सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करता था। बाद में इन वाहनों का इस्तेमाल करता या उन्हें बेचकर पैसे कमाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और चोरी के वाहनों को बेचने वाले उसके साथियों का नेटवर्क कितना बड़ा है।



