East Delhi Crime: लक्ष्मी नगर पुलिस ने चेन स्नैचिंग केस सुलझाया, दो आरोपी गिरफ्तार, खरीदार भी दबोचा गया
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान छीनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को लक्ष्मी नगर थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन झपटने की घटना सामने आई थी। पीड़िता की शिकायत पर थाना लक्ष्मी नगर में एफआईआर संख्या 182/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए हेड कांस्टेबल राहीश कुमार, मनोज हरित, वसीम अकरम, बलवंत और कांस्टेबल देवी की टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जांच करते हुए करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना और लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान पुलिस ने गीता कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय देव उर्फ तरुण और पश्चिम गुरु अंगद नगर निवासी 33 वर्षीय वेद प्रकाश की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी की जानकारी दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने छीनी गई सोने की चेन लक्ष्मी नगर के किशन कुंज पार्ट-2 निवासी 61 वर्षीय शशि कांत मचिंद्रा को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने शशि कांत को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी देव उर्फ तरुण पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ गांधी नगर थाने में अपहरण और फिरौती से जुड़ा मामला दर्ज है। वहीं वेद प्रकाश के खिलाफ भी पहले से स्नैचिंग का मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य स्नैचिंग वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।



