Delhi Police operation: दिल्ली पुलिस का “ऑपरेशन डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराध के चार बड़े सिंडिकेट्स का पर्दाफाश
डीसीपी वेस्ट की निगरानी में दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिले के साइबर थाना पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर देशभर में सक्रिय चार बड़े साइबर क्राइम सिंडिकेट्स का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के विभिन्न मामलों में शामिल थे।
फरीदाबाद से पुलिस ने “डिजिटल अरेस्ट” ठगी गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठते थे। वहीं जयपुर से “वर्क फ्रॉम होम” के नाम पर चल रहे एक फर्जी जॉब रैकेट का खुलासा हुआ है, जो बेरोजगार युवाओं को लुभाकर ठगी करता था।
नोएडा और अलीगढ़ से पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को पकड़ा है जो फर्जी “BSES .APK” ऐप के ज़रिए बिजली बिल भुगतान के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे थे। इसके अलावा, एक साइबर स्टॉकर को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने एक महिला के निजी वीडियो लीक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और लाखों रुपए की ठगी की।
पुलिस ने इन आरोपियों से 7 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड, 2 चेकबुक, 1 पासबुक और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के “ऑपरेशन डिजिटल अरेस्ट” अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई कर आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखना है।



