Chhatarpur Temple Delhi दिल्ली से वृंदावन तक सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2025 का शुभारंभ
दिल्ली से वृंदावन तक “सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2025” का भव्य आगाज़ आज 7 नवंबर से हो गया है। यह ऐतिहासिक और धार्मिक यात्रा बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी के मार्गदर्शन में आरंभ हुई है, जिसका उद्देश्य समाज में सनातन एकता, वैदिक संस्कृति और हिंदू राष्ट्र के जागरण का संदेश देना है। इस पवित्र पदयात्रा की शुरुआत दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर से हुई, जहां हजारों श्रद्धालु और भक्तों ने भाग लेकर यात्रा का शुभारंभ किया। भजन, कीर्तन और वैदिक मंत्रों के साथ वातावरण गूंज उठा।
यात्रा कुल 10 पड़ावों से होकर गुजरेगी और 16 नवंबर को श्रीधाम वृंदावन में विशाल समापन समारोह के साथ समाप्त होगी। पहला पड़ाव दिल्ली का छत्तरपुर मंदिर रहेगा, जिसके बाद यात्रा क्रमशः फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, होडल, कोसीकलां, गोवर्धन जैसे पवित्र स्थलों से होती हुई वृंदावन पहुंचेगी। हर पड़ाव पर भव्य सनातन सभाएँ, भजन-कीर्तन और प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देना, भारतीय संस्कृति और धर्म की जड़ों को सशक्त बनाना, और युवाओं को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करना है।
यात्रा के अंतिम दिन श्रीधाम वृंदावन में आरती, महा भंडारा और विशाल समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से साधु-संत और भक्त सम्मिलित होंगे। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति को पुनः जीवंत करने का संदेश भी देती है।
कैमरामैन के साथ — मोहित, भारत न्यूज़।



