Homeदिल्ली-एनसीआरNagar Kirtan Trilokpuri: गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर त्रिलोकपुरी...

Nagar Kirtan Trilokpuri: गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर त्रिलोकपुरी में निकला भव्य नगर कीर्तन, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

Nagar Kirtan Trilokpuri: गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर त्रिलोकपुरी में निकला भव्य नगर कीर्तन, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश दिवस के पावन अवसर पर पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में आज सुबह एक भव्य और ऐतिहासिक नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। सुबह करीब 9 बजे ब्लॉक 36 त्रिलोकपुरी स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान त्रिलोकपुरी क्षेत्र के मुस्लिम समाज के लोगों ने भी नगर कीर्तन का फूलों की वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
नगर कीर्तन की खास बात यह रही कि गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश दिवस पर यह आयोजन त्रिलोकपुरी क्षेत्र में दूसरी बार निकाला गया। इससे पहले वर्ष 1984 के बाद 2019 में नगर कीर्तन निकाला गया था और अब यह आयोजन क्षेत्र में एक बार फिर श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। नगर कीर्तन त्रिलोकपुरी और समाचार अपार्टमेंट से होते हुए चिल्ला रोड की विभिन्न सोसायटियों से गुजरा और मयूर विहार पॉकेट 1, 2 और फेस 1 से होकर वापस ब्लॉक 36 गुरुद्वारे पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ब्लॉक 36 गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रमुख हरदीत सिंह, सचिव इन्द्रजीत सिंह, सुमीत सिंह, सनमीत सिंह और शमरोर सिंह मौजूद रहे। वहीं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भुल्लर भी नगर कीर्तन में शामिल हुए और संगत के साथ गुरु के चरणों में माथा टेका।
नगर कीर्तन के दौरान हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई एकता कमेटी के अध्यक्ष डॉ. परवेज मियां, रियाजुद्दीन सैफी, हाजी रियासत अली निजाम, तोसिफ, दीपचंद सहित अन्य सम्मानित सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को प्रकाश पर्व की बधाई दी और क्षेत्र, प्रदेश तथा देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
पूरे नगर कीर्तन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहे और माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण व अनुशासित बना रहा। यह नगर कीर्तन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि त्रिलोकपुरी में आपसी एकता और सौहार्द की मजबूत मिसाल भी पेश करता नजर आया।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments