Sameer Murder Case: समीर हत्याकांड में वांछित अमान गाजी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
खजूरी खास इलाके में 16 नवंबर को हुई समीर उर्फ भूरा की हत्या में आरोपी अमान गाजी अब पुलिस की गिरफ्त में है। उसे पकड़ने के दौरान हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।
घटना 25 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे नानक सर से थर्ड पुश्ता जाने वाले रास्ते पर श्मशान घाट के पास हुई। एसआई कौशिक घोष यादव को रात 8 बजे खबर मिली थी कि अमान हथियार के साथ साथियों से मिलने आने वाला है।
इंस्पेक्टर अरविंद सिंह की अगुवाई में स्पेशल स्टाफ ने जाल बिछाया। सरेंडर करने को कहने पर अमान ने बाइक छोड़ दी और पुलिस पर फायर करने लगा। उसकी एक गोली कांस्टेबल मुकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
एसआई यादव ने पहले हवा में चेतावनी फायर किया और फिर तीन गोलियां चलाईं, जबकि कांस्टेबल मुकेश ने दो राउंड फायर किए। बाएं पैर में गोली लगने के बाद आरोपी काबू में आया और उसे जेपीसी अस्पताल भेजा गया।
करावल नगर निवासी 26 वर्षीय अमान संभल (उत्तर प्रदेश) के तुरतीपुर का मूल निवासी है और नसीम दुर्रानी का करीबी बताया जाता है। पुलिस के अनुसार समीर की हत्या दुर्रानी और हारून सैफी गिरोहों की दुश्मनी में हुई थी और हमलावरों की बाइक अमान चला रहा था।
सोनिया विहार में जीरो पुश्ता के पास स्कूटी से जा रहे समीर पर दो बाइक सवारों ने गोलियां चलाई थीं, जिससे उसकी जान चली गई थी।
मुठभेड़ स्थल से पिस्तौल, नौ कारतूस, दो मैगजीन और चोरी की बाइक बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए और न्यू उस्मानपुर थाने में नई एफआईआर दर्ज की गई।



