Shakurpur Road Rage: तेज रफ्तार कार का विरोध करने पर 27 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या
शकूरपुर में तेज रफ्तार कार चलाने पर टोकना एक युवक को जान देकर चुकाना पड़ा। कार सवार युवकों ने 27 वर्षीय योगेश की गर्दन पर चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र की जेजे कॉलोनी में 27 नवंबर को रात लगभग एक बजे हुई। योगेश जी-ब्लॉक रोड पर दोस्तों के साथ था।
तभी एक सफेद i-20 कार तेजी से और बेपरवाही से गुजरती दिखी। योगेश और उसके साथियों ने चालक को टोका, जिस पर दोनों तरफ से तकरार शुरू हो गई।
झगड़ा बढ़ा तो कार में बैठे एक युवक ने धारदार चाकू से योगेश की गर्दन पर हमला किया। वार के बाद सभी आरोपी कार लेकर भाग गए।
घायल योगेश को साथी और आसपास के लोग फौरन महाराजा अग्रसेन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि खून काफी बह चुका था और उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य लिए हैं और इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची जा रही है। थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ है।
अफसरों का दावा है कि हमलावरों की शिनाख्त कर ली गई है। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं।



