Yash Maheshwari FIR: छठ पर टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन पर दिल्ली के साकेत थाने में भी केस
यश माहेश्वरी की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं। छठ पूजा पर टिप्पणी के मामले में पटना के बाद अब दिल्ली के साकेत थाने में भी कॉमेडियन पर केस दर्ज हुआ है।
शिकायतकर्ता निलोटपाल मृणाल का आरोप है कि 24 अक्टूबर को साकेत के एक क्लब में हुए कार्यक्रम में बिहार की महिलाओं, उनकी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का मजाक उड़ाया गया। नीतीश कुमार पर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक बात कही गई।
पुलिस ने BNS की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आयोजकों और क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई मांगी गई है, साथ ही वीडियो और सोशल मीडिया सामग्री की जांच की अपील की गई है।
पटना में मंगलवार को साइबर थाने ने कॉमेडियन के यूट्यूब चैनल पर केस दर्ज किया था। वहां की पुलिस ने कहा था कि इन टिप्पणियों से समुदायों के बीच तनाव और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।
छठ के दौरान महिलाओं के माथे पर लंबे सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी वाली क्लिप 21 नवंबर को अपलोड हुई थी, जो हाइडआउट कॉमेडी क्लब के शो की थी। मामला तूल पकड़ने के बाद कॉमेडियन ने सबके सामने माफी मांगी थी।



