Delhi Crime: दिल्ली पुलिस ने फर्जी जॉब प्लेसमेंट गैंग का भंडाफोड़ किया, मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
दक्षिण दिल्ली पुलिस ने राजधानी में चल रहे एक बड़े फर्जी नौकरी रैकेट का पर्दाफाश किया है। डीसीपी अंकित चौहान और एडिशनल डीसीपी सुमित झा के नेतृत्व में एसीपी अरविंद यादव की स्पेशल स्टाफ टीम ने कोटला मुबारकपुर इलाके से इस संगठित गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी भोले-भाले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
शिकायतकर्ता मनीषा, जो शालीमार गार्डन की रहने वाली हैं, ने बताया कि उन्हें “नौकरी.कॉम” के माध्यम से अमरीदीप नामक व्यक्ति का कॉल आया। उसने बताया कि उनका प्रोफाइल डेलॉइट कंपनी में चयनित हुआ है। इसके बाद उन्हें “स्किल इनोवेशन सॉल्यूशन” नामक कंपनी के ऑफिस में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जहां उनसे ₹24,000 की रकम प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ली गई। लेकिन न उन्हें नौकरी मिली और न ही उनके पैसे लौटाए गए।
जांच में सामने आया कि यह पूरा फर्जी रैकेट शाहदरा निवासी तारीक खान द्वारा संचालित किया जा रहा था। उसके साथ इस ठगी में कपिल, उसकी पत्नी तन्नू उर्फ तन्नुम, अदीबा और शहाना उर्फ ज़ोया शामिल थे। यह गैंग अब तक करीब 100 से अधिक लोगों से लगभग ₹15 लाख की ठगी कर चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है — मास्टरमाइंड तारीक खान (शाहदरा निवासी), कपिल (शालीमार गार्डन निवासी), तन्नू उर्फ तन्नुम (कपिल की पत्नी), अदीबा (मालका गंज निवासी) और शहाना उर्फ ज़ोया (सीलमपुर निवासी)।
गैंग ने “Skill Innovation Solution” के नाम से एक फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी बनाई थी। इनके पास लगभग दस टेलीकॉलर्स काम करते थे, जो ऑनलाइन जॉब पोर्टल्स से उम्मीदवारों का डाटा लेकर उन्हें कॉल करते और प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे। उम्मीदवारों को इंटरव्यू के बहाने ऑफिस बुलाया जाता था और वहां उनसे “सिक्योरिटी” या “प्रोसेसिंग फीस” के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था। पैसे मिलते ही आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर देते और कुछ महीनों में ऑफिस का पता बदल लेते थे ताकि कोई उन तक न पहुंच सके।
पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, पेमेंट रसीदें, जॉब सीकर्स के दर्जनों रिज्यूमे, फर्जी दस्तावेज़ और UPI/QR कोड जब्त किए हैं। “Skill Innovation Solution” से जुड़ी कई सामग्री भी बरामद की गई है।
फिलहाल पुलिस इस गैंग से जुड़ी अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस रैकेट का नेटवर्क अन्य राज्यों में भी फैला हुआ था। डिजिटल साक्ष्य जब्त कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
YouTube Keywords:
Delhi Police, Job Fraud Racket, Fake Placement Agency, Skill Innovation Solution, Delhi Crime News, South Delhi Police, Cyber Fraud, Job Scam India, Employment Fraud, Kotla Mubarakpur, Tariq Khan Arrested, Online Job Scam



