Delhi Event: गीता कॉलोनी के रामलीला मैदान में पहली बार सजेगा ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’, 8 मार्च को अमृत संचार
पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में पहली बार भव्य ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का आयोजन किया जा रहा है। 6, 7 और 8 मार्च को आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय धार्मिक समागम यमुनापार क्षेत्र की संगत के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर लेकर आ रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
सिख नेता गुरचरण सिंह राजू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समागम खालसा साजना दिवस और वैसाखी को समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रसिद्ध कीर्तनकार भाई रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले गुरु कीर्तन द्वारा संगत को निहाल करेंगे। उन्होंने बताया कि करीब 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब भाई रणजीत सिंह कीर्तन करेंगे, जिससे संगत में विशेष उत्साह है।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 8 मार्च को शाम 5 बजे से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा झील कुरंजा में पांच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की पावन उपस्थिति में अमृत संचार कराया जाएगा। आयोजकों ने सिख समाज से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में संगत अमृत छककर खालसा पंथ को मजबूत करने में अपना योगदान दें।
वहीं दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह बब्बर ने बताया कि यह समागम पूरी तरह से यमुनापार की संगत के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय यह आयोजन अत्यंत अलौकिक और भव्य होगा। कार्यक्रम के लिए तीन रंगों की विशेष थीम तय की गई है—6 मार्च को पीले रंग की पगड़ी, 7 मार्च को मरून और 8 मार्च को नीले रंग की पगड़ी पहनकर संगत से पहुंचने की अपील की गई है। महिला श्रद्धालुओं के लिए भी इन रंगों की चुन्नी की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि समागम में दिल्ली कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलो का विशेष सहयोग रहेगा। इसके अलावा तजिंदर सिंह और हरमीत सिंह ओबराय सहित कई प्रमुख सदस्य भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समागम की व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 100 से अधिक वालंटियर स्वेच्छा से सेवा में जुटेंगे, जो लंगर, जोड़ा घर, जल सेवा और अन्य व्यवस्थाओं को संभालेंगे। जो श्रद्धालु सेवा देना चाहते हैं, वे अपना नाम रजिस्ट्रेशन के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। समागम स्थल के पास पुश्ता क्षेत्र में बसों, कारों और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है, जहां से ई-रिक्शा के माध्यम से रामलीला मैदान तक नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पिछले कई दिनों से मैदान की साफ-सफाई और साज-सज्जा का कार्य लगातार जारी है। सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली पुलिस और फायर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आनंद ले सकें। आयोजकों ने दिल्ली की संगत को होला मोहल्ला और होली की शुभकामनाएं देते हुए गुरु घर की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।



